झुंझुनू। राजस्थान में विधानसभा की तारीखों की घोषणा के बाद से ही प्रदेश में राजनैतिक महौल बनने लग गया है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में पार्टियां प्रचार में जुट गई हैं। इसी क्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को झुंझुनूं पहुंची। झुंझुनूं पहंुचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी का स्वागत किया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पंडाल में बैठी महिलाओं और लड़कियों से कहा कि मुझे पता चला है कि आप काफी समय से यहां बैठी हैं। फिर उन्होंने कहा कि आपकी यह जो मिट्टी है, इसने देश को बहुत कुछ दिया है। शीशराम ओला जैसे नेता और अनगिनत शहीद सैनिक। यहां की माताओं को मेरा प्रणाम। सबसे ज्यादा रिटायर सैनिक झुंझुनू में ही हैं। सरहद पर सबसे ज्यादा सैनिक भी झुंझुनू से ही हैं। आज आपके सामने चुनाव के मौके पर मैं खड़ी हूं। प्रियंका ने लोगों से पूछा कि आप नेता से क्या चाहते हैं। जो नेता देश या प्रदेश को चलता है, उसे गहरी समझ होनी चाहिए। भविष्य में क्या बनाना चाहते हैं। ये जो विजन है उसी से विकास होता है। अगर एक ऐसा नेता प्रदेश को चला रहा है कि जिसका विजन नहीं है तो आप कितना पढ़ लें आपको रोजगार नहीं मिलेगा।
प्रियंका ने आगे कहा कि आज की सरकार सिर्फ दो उद्योगपतियों का प्रोत्साहन कर रही है। देश के बंदरगाह, एयरपोर्ट और जितने बड़े पीएसयू (पब्लिक सेक्टर यूनिट) थे, सब उन्हें दे रहे हैं। आप बच्चों को पढ़ा रहे हैं, लेकिन एक ऐसी सरकार है जो रोजगार बना ही नहीं रही। ऐसी सरकार होगी तो आपके बच्चों के भविष्य का क्या होगा। उन्होंने कहा कि रोजगार पीएसयू से बनता है, उसे उन्होंने अपने उद्योगपति मित्रों को सौंप दिया। उनकी कंपनियां ऐसी हैं जिनसे रोजगार नहीं बनते। किसान आंदोलन इसलिए हुआ क्योंकि यह खेती की जमीन भी उद्योगपति मित्रों को दिए जा रहे थे। लेकिन ये तब झुके जब चुनाव आ रहे थे।

एक करोड़ पांच लाख परिवारों को 500 रुपये का सिलेंडर मिलेगा : गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने भाषण के दौरान कहा कि, आज हमारी दो गारंटियां थीं। हम चाहते थे कि ये गारंटी प्रियंका गांधी घोषित करें, लेकिन उन्होंने मुझे इसकी जिम्मेदारी दी है। आज तक किया आपके सामने है। बहुत लंबी लिस्ट है वक्त लग जाएगा। 500 रुपये का सिलेंडर दिया था। वह उज्ज्वला योजना की महिलाओं को दिया था। आज मैं गारंटी दे रहा हूं कि सरकार आएगी तो एक करोड़ पांच लाख परिवारों को 500 रुपये का सिलेंडर मिलेगा। महिला को सम्मान के रूप में प्रतिवर्ष दो या तीन किश्तों में 10 हजार रुपये मिलेगा, यह उनका सम्मान है। घर में बेटी, दोहिती और दोहिता आता है तो सासू को किसी से मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वह उन्हें पैसा दे सकती है। घर में पोते-पोती भी दादा-दादी को पूछेंगे। 15 प्रतिशत प्रतिवर्ष बढ़ती जाएगी यह राशि। हमने यह भी तय किया है कि ओपीएस को लागू रखेंगे चाहे कुछ भी हो जाए। अगर आपका प्यार रहा तो जो रिवाज रहता है कि हर बार सरकार बदल जाती है उसे आप बदल दोगे।
शेखावाटी से जो मदद और ताकत मिली थी, उसी के दम पर यहां कांग्रेस की सरकार बनी थी : पायलट
गांधी परिवार से एक संबंध इस जगह से बना हुआ है। 25 को राजस्थान विधानसभा चुनाव हैं। प्रियंका गांधी ने जो बेड़ा उठाया है उसे और मजबूत करना है। शेखावाटी से जो मदद और ताकत मिली थी, उसी के दम पर यहां कांग्रेस की सरकार बनी थी। इन चुनावों में भाजपा को समझ नहीं आ रहा। साढ़े चार साल कमरों में बैठे रहे और अब चुनाव आ गया तो रथों पर बैठकर यात्रा निकाल रहे हैं।