जयपुर। राजस्थान के नए मुख्यमंत्री को लेकर जयपुर में भाजपा विधायक दल की बैठक मंगलवार को होगी। वहीं पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे रविवार सुबह दिल्ली से जयपुर पहुंचीं और दोपहर में 13 भाजपा विधायक और कुछ पूर्व पदाधिकारी उनके सिविल लाइंस आवास पर मिलने पहुंचे। विधायक दल की बैठक से पहले विधायकों की वसुंधरा राजे से मुलाकात को अहम माना जा रहा है। विधायकों के साथ ही पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी और राजपाल सिंह शेखावत और पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने उनसे मुलाकात की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर वोट मिले : राजेंद्र राठौड़
वसुंधरा राजे के घर विधायकों के जुटने के सवाल पर भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर वोट मिले हैं। उनका चेहरा ही हमारी पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा है। उसके बाद भी अगर कोई सोचता है कि मेरे चेहरे से पार्टी को वोट मिले हैं तो वह मुगालते में जरूर रह सकता है, लेकिन यह सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि वैसे भी किसी को बुलाना और अपने समर्थन के लिए कहना भारतीय जनता पार्टी की संस्कृति नहीं है।
राजे से विधायकों की मुलाकात शिष्टाचार मुलाकात : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे से विधायकों की मुलाकात को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने शिष्टाचार मुलाकात करार दिया। रविवार देर रात भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में जोशी ने कहा, वसुंधरा पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और दो बार मुख्यमंत्री रही हैं। वरिष्ठ नेताओं से जीते हुए जनप्रतिनिधि लगातार मुलाकात कर रहे हैं।