जयपुर। राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर संशय बना हुआ है। इसी बीच वहां से रिसॉर्ट पॉलिटिक्स की बात सामने आई है। अब बीजेपी विधायक ललित मीणा के पिता और पूर्व विधायक हेमराज मीणा ने बड़ा आरोप लगाया है। हेमराज मीणा का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे और सांसद दुष्यंत सिंह ने विधायकों को राजस्थान के एक रिजॉर्ट में रखा हुआ है। वसुंधरा राजे के बेटे और सांसद दुष्यंत सिंह पर किशनगंज विधायक ललित मीणा के पिता और पूर्व विधायक हेमराज मीणा ने ये आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि दुष्यंत सिंह ने बीजेपी के विधायकों को आपनो राजस्थान रिजॉर्ट में रखा था। दावे के मुताबिक, वहां झालावाड़ के तीन और बारां के तीन विधायकों को रखा गया था। हेमराज मीणा ने बोला, जब मुझे पता चला तो मैं बेटे को लाने गया था।
वहां विधायक कंवरलाल ने कहा कि दुष्यंत सिंह से बात कराओ तब ले जाने दूंगा। फिर वह झगड़े पर उतारू हो गया। फिर हमने राजस्थान के प्रभारी अरुण सिंह और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर को सूचना दी। गौरतलब है कि फिलहाल वसुंधरा राजे दिल्ली में हैं। यहां उनको जेपी नड्डा से मुलाकात करनी है।