भरतपुर। जमीनी रंजिश के कारण भरतपुर के बयाना के गांव अड्डा में युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस लड़ाई में एक शख्स की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर डाली। वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी ने युवक पर 8 बार पहिया चढाया। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को हिरासत में लिया है। जबकि, कई लोग फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, गांव के दो पक्ष बहादुर सिंह गुर्जर और अतर सिंह गुर्जर के परिवारों के बीच जमीन को लेकर विवाद काफी समय से चल रहा है। तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था जिसमें दोनों पक्षों की तरफ से थाने में शिकायत दर्ज हुई थी और पुलिस ने दोनों ही पक्षों के लोगों को पाबंद किया गया था, लेकिन बुधवार को बहादुर सिंह गुर्जर पक्ष के लोग विवादित जमीन को ट्रैक्टर लेकर जोतने के लिए चले गए।
जिसकी सूचना जब दूसरे पक्ष अतर सिंह गुर्जर के परिवार को लगी को वे वहां विरोध करने पहुंच गए। खेत की जुताई के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। जब 45 वर्षीय निर्पाठ सिंह गुर्जर ट्रैक्टर को रोक कर विरोध करने की कोशिश कर रहा था तभी ट्रैक्टर चालक ने उसको कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। एएसपी ओमप्रकाश कलवानी ने बताया कि इस मामले में 5 लोगों हिरासत में लिया गया है। वहीं कुछ आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ उचित एक्शन लिया जाएगा। हत्या के आरोपी सगे भाई को पुलिस ने तत्काल डिटेन कर लिया है।