चंडीगड़। हरियाणा में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा में कलह ज्यादा बढ़ गई है। अब पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर ने बुधवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने खुद सदन में यह घोषणा की। खट्टर करनाल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। अब करनाल विधानसभा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को उप चुनाव लड़ाए जाने की संभावना है। माना जा रहा है मनोहर लाल खट्टर को लोकसभा का चुनाव लड़ाया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि द्वारका एक्सप्रेस वे के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की जमकर तारीफ की थी। लेकिन, अगले दिन ही उन्हें हटाकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बना दिया गया। सूत्रों की मानें तो गृहमंत्री अनिल विज की नाराजगी का कारण यह था कि अंतिम समय तक उन्हें नायब सिंह सैनी को लेकर अंधेरे में रखा गया।
विधायक दल की बैठक में उनसे नायब सिंह सैनी के नाम का प्रस्ताव करने को कहा गया। विज ने लोकतांत्रिक प्रणाली का समर्थन करते हुए विधायकों को खुद अपना नेता चुनने की आजादी दिए जाने की बात रखी। लेकिन, पार्टी हाईकमान का निर्देश बताकर उनकी बात को अनसुना कर दिया गया। इसलिए विज मीटिंग से बाहर आ गए और मंत्री बनने से भी इंकार कर दिया। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को विधानसभा में विश्वास मत हासिल किया।