बीड। महाराष्ट्र में आरक्षण की मांग को लेकर मराठा और आक्रामक हो गए हैं। मराठा आरक्षण आंदोलनकारियों ने एनसीपी विधायक प्रकाश सोलंके के आवास पर तोड़फोड़ की और आग लगा दी है। महाराष्ट्र के राकांपा विधायक प्रकाश सोलंके, जिनके बीड स्थित आवास पर मराठा आरक्षण प्रदर्शनकारियों ने हमला किया है, उन्होंने कहा “जब हमला हुआ तब मैं अपने घर के अंदर था। सौभाग्य से, मेरे परिवार का कोई भी सदस्य या कर्मचारी घायल नहीं हुआ। हम सभी सुरक्षित हैं लेकिन आग से संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।

मराठा आरक्षण के समर्थन में नांदेड़ में कम से कम नौ बस डिपो सोमवार को बंद रहेंगे। धाराशिव (पूर्व में उस्मानाबाद जिला) में छह सरकारी बसों पर पथराव किया गया, और जालना में अन्य चार बसों पर पथराव किया गया। बीड में दो तहसीलदारों के वाहनों पर हमला किया गया। मराठा आरक्षण समर्थक प्रदर्शनकारियों द्वारा एनसीपी विधायक प्रकाश सोलंके के बीड आवास पर हमले पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “मनोज जारांगे पाटिल (मराठा आरक्षण कार्यकर्ता) को इस तथ्य पर ध्यान देना चाहिए कि यह विरोध क्या मोड़ ले रहा है। यह गलत दिशा में जा रहा है।
एनसीपी विधायक प्रकाश सोलंके के बीड आवास पर हुए हमले पर एनसीपी(शरद पवार गुट) सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, “महाराष्ट्र में जो ट्रिपल ईंजन की सरकार है, ये उनकी विफलता है। आज एक विधायक का घर जलाया जाता है, गृह मंत्रालय क्या कर रहा है और गृह मंत्री क्या कर रहे हैं? ये उनकी जिम्मेदारी है।”