गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली रेपिडेक्स ट्रेन ‘नमो भारत’ का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-8 में बने स्टेशन से ‘नमो भारत’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शनिवार 21 अक्टूबर से रैपिड ट्रेन सेवा आम लोगों के लिए शुरू कर दी जाएगी। पहले चरण में साहिबाबाद से दुहाई तक ट्रेन को चलाया जाएगा।

आपकों बता दें कि रैपिडएक्स ट्रेन के प्रीमियम कोच में दो डिस्प्ले स्क्रीन लगाई गई हैं। इस स्क्रीन में ट्रेन की गति की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा ट्रेन की लोकेशन भी स्क्रीन पर दिखाई देगी। स्क्रीन पर देखकर पता चल सकेगा की ट्रेन किस स्टेशन पर पहुंचने वाली है।
वहीं यात्रियों की सहायता के लिए प्रीमियम कोच में एक-एक सहायक तैनात रहेंगे। किसी भी जरूरत के लिए यात्री इन्हें बुलाकर मदद ले सकेंगे। स्टैंडर्ड कोच में सहायक तैनात नहीं होंगे, लेकिन किसी आपात स्थिति में यात्री इन्हें बुला सकेंगे।