मध्य प्रदेश की जनता को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री मोदी ने विधानसभा चुनाव में मांगा समर्थन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश की जनता को पत्र लिखकर राज्य में होने वाले आगामी विधान सभा चुनाव में भाजपा के लिए समर्थन मांगा है। मध्य प्रदेश की जनता को लिखे पत्र में राज्य के साथ अपने विशेष लगाव का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा है, “मेरा सदा से मध्य प्रदेश के साथ एक विशेष जुड़ाव रहा है, जिसके चलते आपने 2014 एवं 2019 के लोकसभा चुनाव में मुझे असीम स्नेह देते हुए भाजपा को अभूतपूर्व विजय दिलाई थी, मुझे पूरा विश्वास है कि उसी तरह आने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी आप मुझ तक अपना सीधा समर्थन पहुंचाएंगे एवं भाजपा पर अपने अटूट विश्वास के चलते फिर इस बार डबल इंजन की सरकार बनाएंगे।”

प्रधानमंत्री ने भाजपा सरकारों द्वारा मध्य प्रदेश के विकास के लिए किए गए कामों को गिनाते हुए पत्र में कहा, “मैं जब भी मध्य प्रदेश आता हूं, आपके मन में मेरे प्रति इतना प्रेम और स्नेह देखकर मुझे अपार ऊर्जा मिलती है। आज मध्य प्रदेश विकास की राह पर जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह हमारे लिए अत्यंत हर्ष की बात है। पिछले 20 वर्षों में मध्य प्रदेश बीमारू राज्य के अपने अतीत से निकल कर सशक्त, समृद्ध और स्वावलंबी बना है। कौन भूल सकता है 2003 से पहले के मध्य प्रदेश को, जहां बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव था।

पिछले 20 वर्ष से जो भरोसा आपने हम पर दिखाया है उसके चलते मध्य प्रदेश देश की टॉप 10 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। इन 20 वर्षों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं भाजपा सरकार की अथक मेहनत के परिणाम स्वरूप आज मध्य प्रदेश में हुए 5 लाख किमी से अधिक सड़कों के निर्माण, 16 प्रतिशत से अधिक आर्थिक विकास दर, 65 लाख से अधिक घरों में नल से जल, 28 हजार मेगावाट ऊर्जा उत्पादन को देख कर मुझे गर्व की अनुभूति हो रही है। ये 20 वर्ष न सिर्फ मध्य प्रदेश के विकास के रहे हैं बल्कि ये आपके हम पर विश्वास के भी रहे हैं।

पत्र में एमपी के मन में मोदी का नारा देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधा समर्थन पहुंचाने और भाजपा को वोट देकर जीताने का संकल्प लेने के लिये 7000230230 पर मिस्ड कॉल करने की भी अपील की गई है।