नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने चीन से फंडिंग मामले को लेकर मंगलवार को मीडिया आउटलेट न्यूज़क्लिक के पत्रकारों और कर्मचारियों के घरों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान स्पेशल सेल ने लैपटॉप, मोबाइल फोन भी जब्त किए और हार्ड डिस्क के डेटा डंप भी लिए। बताया जा रहा है कि छापामार कार्रवाई 30 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ चल रही है। इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है, जिन्हें स्पेशल सेल लाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक पत्रकार उर्मिलेश और सत्यम तिवारी को हिरासत में लिया गया है। वहीं, पत्रकार अभिसार शर्मा को भी दिल्ली पुलिस की स्पेशल लेकर गई है। सूत्रों के मुताबिक, स्पेशल सेल ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया है।

सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने जिन पत्रकारों पर छापा मारा उनमें न्यूज़क्लिक के अभिसार शर्मा भी शामिल हैं। शर्मा ने मंगलवार को एक्स पर लिखा, “दिल्ली पुलिस मेरे घर पर पहुंची। मेरा लैपटॉप और फोन छीन लिया।”
वेब पोर्टल की एक अन्य पत्रकार भाषा सिंह ने ट्वीट किया, “आखिरकार इस फोन से आखिरी ट्वीट हुआ। दिल्ली पुलिस ने मेरा फोन जब्त कर लिया।”
जांच एजेंसियां स्वतंत्र हैं : अनुराग ठाकुर
न्यूज़क्लिक से जुड़े विभिन्न परिसरों पर हुई छापेमारी पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “मुझे इसको न्यायोचित ठहराना ठीक नहीं लगता। अगर किसी ने गलत किया है तो उस पर जांच एजेंसियां काम करती हैं। यह कहीं नहीं लिखा कि अगर आपके पास गलत तरह से पैसा आया होगा, आपत्तीजनक कार्य हुआ होगा तो उस पर जांच एजेंसी कार्य नहीं कर सकती। जांच एजेंसियां स्वतंत्र हैं और वे अपनी कार्रवाई नियमों को देखकर करती हैं।”