
जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव अब 23 नवम्बर की जगह 25 नवंबर को होंगे। भारतीय निर्वाचन आयोग ने पहले 23 नवम्बर को चुनाव की घोषणा की थी मगर, तारीख की ऐलान होने के बाद भारत निर्वाचन आयोग को विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों सहित विभिन्न मीडिया प्लेटफार्मों ने चुनाव की तारीख को लेकर अपनी बात रखी थी। बताया गया था कि 23 नवंबर को राजस्थान में बड़े पैमाने पर विवाह समारोह होने जा रहे हैं। ऐसे में लोगों को असुविधा होगी। वाहनों की कमी सामने आएगी और ऐसे में वोटिंग पर भी असर पड़ सकता है। आयोग ने इस बात पर विचार किया और मतदान की तारीख में बदलाव करते हुए उसे 23 नवंबर की जगह 25 नवंबर कर दिया है। 3 दिसम्बर को चुनाव के परिणाम घोषित किये जायेंगे।