भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का कांग्रेस पर हमला, कहा कांग्रेस को सिर्फ लूट और पैसों से मोहब्बत

जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने प्रदेश कार्यालय में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्यसभा सांसद धीरज साहू के घर 300 करोड़ से ज्यादा का कैश मिलने को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस को सिर्फ लूट और पैसों से मोहब्बत है। कांग्रेस का असली चेहरा अब जनता के सामने आ गया है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में भी कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया और 5 साल तक सभी योजनाओं में भ्रष्टाचार किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीपी जोशी ने कहा कि मोहब्ब्त की दुकान में लूट का सामान अब सबके सामने आ गया है। आप देख रहे होंगे कि कैसे नोटों की बड़े जखीरे को गिनते-गिनते नोटों की मशीन भी खराब हो गई है। पीएम मोदी ने भी इन नोटों के ढेर को देखते हुए कहा था कि ईमानदारी का भाषण देने वाले कांग्रेस के नेताओं को ये देखना चाहिए। जो जनता से लूटा है, उसकी पाई-पाई लौटानी पड़ेगी। ये मोदी की गारंटी है।

उन्होंने कहा कि अब देश की जनता भी कहने लगी है कि कांग्रेस मतलब करप्शन की दुकान। इनको मोहब्बत सिर्फ लूट और पैसों से है। ये लूट और झूठ की दुकान ही कांग्रेस का असली सच है। ये ऐसे सांसद है जिनके पास 2019 में जांच के दौरान एयरपोर्ट पर करोड़ों रुपए मिला था और चुनाव आयोग की भी धोखे में रखा था। कांग्रेस और करप्शन एक सिक्के के दो पहलू है। कांग्रेस के तीन काम- लूट, झूठ और फूट डालना। यही देश के पतन का कारण बनता जा रहा है।

सीपी जोशी ने कहा कि घोटालों का कांग्रेस का लंबा इतिहास रहा है। जब एक व्यक्ति के पास इतनी काली कमाई मिली है तो सोचो बाकी नेताओं ने देश की जनता को कितना लूटा होगा और नोटों से कितनी आलमारियां भरी होगी। ये जीता जागता उदाहरण अब पूरा देश देख रहा है। देश को भ्रष्टाचार की आग में डालने वालों का असली चेहरा अब जनता के सामने आ रहा है और जब इन लोगों पर कार्रवाई होती है तो ये पीएम मोदी को कोसते है।

राजस्थान में भी लूट के अलावा कोई काम नहीं हुआ…….
सीपी जोशी ने कहा कि यही हाल राजस्थान की जनता ने देखा है। चाहे पेपर लीक मामला हो या फिर जलजीवन मिशन व पौषाहार मामला। सिर्फ लूट के अलावा कोई काम नहीं हुआ है। ये घमंडिया गठबंधन जिस मानसिकता के लोगों का है, उसे देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा ने भी कहा था कि इन्होंने पांच साल तक जो पाप किया और उसे छिपाया। यही हार का कारण है। प्रदेश में भी कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। कांग्रेस ने 5 साल में सभी योजनाओं में भ्रष्टाचार किया।