प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जयपुर यात्रा को लेकर मुख्य सचिव ने ली समीक्षा बैठक, अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जयपुर। मुख्य सचिव उषा शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 15 दिसम्बर को प्रस्तावित जयपुर यात्रा की तैयारियों को लेकर बुधवार को शासन सचिवालय में समीक्षा बैठक ली। बैठक में मुख्य सचिव ने विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों से सुरक्षा,यातायात, चिकित्सा एवं सफाई व्यवस्था सहित विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने अपने अपने विभाग से सम्बन्धी तैयारियों के बारे में मुख्य सचिव को अवगत कराया।

शर्मा ने प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के आवागमन के रूट प्लान, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था’ फायर फाइटिंग सिस्टम एवं संचार व्यवस्था को लेकर भी सम्बंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि सभी सम्बंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता से निभाएं और  आपसी समन्वय से सभी माकूल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।